ललितपुर। शनिवार सुबह शहरी क्षेत्र में दो घंटे की मूसलाधार बारिश से गली-मोहल्ले में पानी भर गया। नाले उफान मारकर बहे तो रिपटों के ऊपर पानी आ गया। बुढ़वार रोड पर बने रिपटा के ऊपर पानी आ जाने से इस क्षेत्र के लोगों का संपर्क नगर से टूट गया। जबकि, राजघाट रोड पर सिलगन रेलवे क्रॉसिंग पर बने रेलवे अंडरपास में पानी भर जाने से इस क्षेत्र का संपर्क कट गया। वहीं, मोहल्ला रामनगर-वंशीपुरा जाने वाले मार्ग पर ब्याना नाले पर बने रिपटा के ऊपर बह रहे पानी से गुजरते समय एक टैक्सी बह गई। टैक्सी चालक व उसमें सवार दो लोगों ने कूदकर जान बचाई।
टैक्सी से कूदकर बचाई जानसुबह हुई बारिश से शहर के अंदर से गुजरा ब्याना नाला पूरे उफान के साथ बहने लगा। इस नाले पर बने रिपटों के ऊपर पानी पहुंच गया। मोहल्ला रामनगर-वंशीपुरा जाने वाले मार्ग पर ब्याना नाले पर बने रिपटा के ऊपर दो से तीन फीट तक पानी आ गया। इसी बीच उक्त रिपटा से दो सवारियों को बैठाकर एक टैक्सी गुजरी। पानी का वेग इतना तेज था कि टैक्सी बह गई। चालक व उसमें सवार दो सवारियों ने कूदकर अपनी जान बचाई। टैक्सी आगे जाकर पानी में डूब गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर की मदद से टैक्सी को रस्सी से खींचकर बाहर निकाला। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।
-
बच्चे नहीं पहुंच पाए स्कूल
बुढ़वार रोड स्थित पीतांबरा ग्रेनाइट के पास से नाला निकला है। इस पर एक रिपटा बना हुआ है। शनिवार सुबह हुई जोरदार बारिश से रिपटा डूब गया और उसके ऊपर करीब दो से तीन फीट तक पानी आ गया। इस कारण रिपटा के दूसरी ओर स्थित केंद्रीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को विद्यालय पहुंचने में परेशानी हुई। वे वैकल्पिक मार्ग से विद्यालय पहुंचे। इस मार्ग पर स्थित कई गांवों का संपर्क घंटों तक टूटा रहा और भारी वाहन फंसे रहे। रिपटा से पानी नीचे पहुंचने के बाद लोगों की आवाजाही शुरू हो सकी।
-
सिलगन रेलवे अंडरपास में भरा पानी
भारी बारिश के चलते राजघाट मार्ग पर सिलगन रेलवे क्रॉसिंग पर निर्मित अंडरपास में पानी भर गया। हालत यह थी कि अंडरपास के बाहर तक पानी आ गया था। इस कारण राजघाट की ओर स्थित गांवों का संपर्क शहर से कट गया। अंडरपास में पानी भर जाने के कारण वाहन बाहर खड़े हो गए थे। वहीं, कुछ वाहन चालक जान जोखिम में डालकर अंडरपास से गुजरे।
-
रिपटों के दोनों ओर तैनात रही पुलिस
रिपटों के ऊपर पानी आ जाने के चलते यातायात व चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। रिपटों के दोनों ओर यातायातकर्मी और पुलिस ने वाहनों को रिपटों के ऊपर से निकलने से रोक दिया। रिपटा का पानी उतर जाने के बाद यहां से लोगों और वाहनों को निकलने दिया गया।