फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पानी आया नहीं कि चली गई बिजली

Mon, 05 Oct 2015 01:39 AM IST
ब्यूराे/अमर उजाला
विज्ञापन
विज्ञापन
ललितपुर। तीन दिन पहले बदला नगर का बिजली रोस्टर मुहल्लेवासियों पर भारी पड़ रहा है। कारण, जब नलों के आने का समय होता है तो उससे पहले बिजली गुल हो जाती है। इससे जलापूर्ति व्यवस्था गड़बड़ा गई है। ऊंचाई वाले मुहल्लों के लोग नलों से पानी नहीं भर पा रहे हैं, जिससे हैंडपंपों पर लोगों की भीड़ लग रही है।
विज्ञापन




जल संस्थान से 10 हजार उपभोक्ता संयोजन लिए हुए हैं। गोविंद सागर बांध से आने वाले कच्चे पानी को डोंड़ा घाट व नझाई बाजार में बने शोधित प्लांट में साफ करने के बाद मोटरों की सहायता से विभिन्न स्थानों पर स्थित छह टंकियों को भरा जाता है। इन टंकियों के माध्यम से मुहल्लों में पाइप लाइन पहुंचती हैं, जिनसे नगर के उपभोक्ता जुड़े रहते हैं। जल संस्थान सुबह एक टाइम पानी की आपूर्ति देता है। हालांकि पाइप लाइन पानी से भरी होने के कारण शहर के निचले इलाकों में देर तक पानी आता है। लेकिन, ऊंचाई पर रहने वालों को करीब दो घंटे तक ही पानी की आपूर्ति की जाती है।



 जल संस्थान को विभिन्न स्थानों पर मौजूद छह टंकियों को भरने के लिए 13-14 घंटे बिजली की जरूरत होती है। विद्युत लाइनों में फाल्ट होने के कारण कई बार बिजली ठप हो जाती है, जिससे टंकियों को भरने में अधिक समय लग जाता है। एक अक्तूबर बृहस्पतिवार की मध्य रात्रि से दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड ने नगर के रोस्टर में परिवर्तन कर दिया। नए रोस्टर के अनुसार सुबह 8 से 11 बजे के स्थान पर अब सुबह 6 से 9 बजे तक की कटौती की जा रही है। जबकि, नगर में जलापूर्ति का समय 6 बजे के बाद शुरू होता है। ऐसी स्थिति में दो या तीन मंजिल के भवनों के ऊपर मोटर की सहायता से पानी चढ़ाने वाले और ऊंचाई पर रहने वाले लोगों के सामने समस्या आ गई है। क्योंकि, उक्त लोगों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। ऐसे में लोग मजबूरी में हैंडपंप, कुआं आदि से पानी भरने को मजबूर हैं।
विज्ञापन





इन इलाकों में हो रही परेशानी
लोअर जोन के मुहल्ला चौबयाना, खिरकापुरा, नारायण, मऊठाना, रामनगर, वंशीपुरा में सबसे अधिक परेशानी हो रही है। इसी तरह अपर जोन के मुहल्ला गांधीनगर, चंडीमाता मंदिर, नेहरू नगर वार्ड नंबर चार व छह, आईटीआई व सिद्धन क्षेत्र में परेशानी बनी हुई है। इन मुहल्लों के कई इलाके तो ऐसे हैं, जिनमें बिना विद्युत मोटर के पानी नहीं पहुंच रहा है।

अभी तक 6.30 बजे टंकियों से जलापूर्ति की जाती रही है। लेकिन, रोस्टर बदलने से नगर के लोगों के सामने परेशानी आ गई है। इसको देखते हुए अब टंकियों से जलापूर्ति सुबह 5.30 बजे कराई जाएगी, जिससे सभी मुहल्लेवासियों तक पेयजल पहुंच सके।
- आरएस चौधरी, अधिशासी अभियंता जल संस्थान


दोनों विभाग बनाएं सामंजस्य
ललितपुर। बुंदेलखंड विकास सेना ने रविवार को कंपनी बाग में बैठक के बाद शाही रोड पर सांकेतिक जाम लगाकर नगर की जलापूर्ति को सुचारु करने की मांग की। जलापूर्ति सुचारु नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई।
बुंविसे के मीडिया प्रभारी राजमल जैन बरया के नेतृत्व में बैठक हुई। वक्ताओं ने कहा कि विद्युत विभाग व जल संस्थान के बीच सामांजस्य नहीं होने के कारण नगर के लोगों को पेयजलापूर्ति के लिए परेशान होना पड़ रहा है। दोनों विभाग मिलकर रोस्टर बनवाएं, जिससे नगर के लोगों तक पानी पहुंच सके। इस दौरान कदीर खां, विनोद साहू, ओमकार राजा, मथुरा प्रसाद मिश्रा, भगवत दयाल वर्मा, रामेश्वर टेलर, खुशाल बरार, अफजल पहलवान, पुष्पेंद्र शर्मा, गफूर खां, कामता प्रसाद भट्ट, अरुण बरार, ईश्वरदास, चेतराम, अमित नामदेव, सुरेंद्र जैन, मौनू कुशवाहा, अभिषेक सविता, आनंद कुशवाहा, प्रदीप साहू, अभिषेक साहू, देवश्री सेन, कपिल साहू, कमल कुशवाहा उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें