ललितपुर। ब्लॉक प्रमुख मड़ावरा सहित तीन आरोपियों के खिलाफ गैर जमानती
वारंट जारी कर दिए गए हैं। हालांकि, यह मामला मड़ावरा थाने में पिछले दिनों
हुए बवाल से अलग है।
मड़ावरा ब्लाक प्रमुख गौरीशंकर सोनी व दो अन्य
के खिलाफ सात जून को ग्राम सौंरई निवासी विजय सिंह परमार ने शराब पीकर
मारपीट करने, गाली- गलौज एवं जान से मारने की धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज
कराई थी। इस प्रकरण में वांछित चल रहे गौरीशंकर सोनी, संदीप कुमार व राजेश
के विरुद्ध न्यायालय एसीजेएम महरौनी द्वारा विवेचक की याचिका पर अभियुक्तों
की गिरफ्तारी के वारंट जारी कर दिए हैं। आरोपियों की स्थानीय पुलिस द्वारा
तलाश की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिस किसी व्यक्ति को
उपरोक्त आरोपियों के बारे में सूचना मिले तो वह मोबाइल नंबर 9454402460 पर
सूचना दे सकते हैं। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम व मोबाइल नंबर गुप्त
रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु मड़ावरा के थाना
प्रभारी निरीक्षक अजय पाल सिंह को निर्देशित किया गया है। इसके लिए टीमें
भी गठित कर दी गई हैं।