ललितपुर। मुहल्ला नईबस्ती गांधी नगर में रास्ते पर कब्जा कर गैरेज बनाने की शिकायत मिलने पर मंगलवार को नगर पालिका की टीम ने मौके पर जाकर अतिक्रमण हटवा दिया। साथ ही अवैध तरीके से दूसरे मकान के सामने बनाई गई दीवार को भी ध्वस्त करा दिया।
वार्ड नंबर दो मुहल्ला नईबस्ती गांधी नगर निवासी शकुंतला वाल्मीकि ने नौ सितंबर को तहसील दिवस में एक शिकायती पत्र दिया था। इसमें बताया गया था कि उसके घर के सामने से करीब आठ फुट का सार्वजनिक रास्ता है, जिसमें पड़ोस में रहने वाले शीलचंद्र ने अवैध तरीके से दरवाजे के सामने दीवार बना ली। विरोध करने पर दबंगई दिखाते हुए दीवार के आगे टिन शेड भी डाल लिया, इसका उपयोग वह गैरेज के रूप में करता है तथा वहां पर अपनी कार रखता है।
मंगलवार को अधिशासी अधिकारी राकेश कुमार नगर पालिका कर्मियों को साथ लेकर मौके पर पहुंचे और वहां के हालातों की जानकारी ली। मामले को गंभीरता से लेते हुए अवैध तरीके से बनायी गयी दीवार और गैरेज को ध्वस्त करा दिया।
इस दौरान आर के लवानियां, हबीब खान, जेई विपिन कुमार, प्रदीप सिंह, सिकंदर खान, अभिषेक चौबे समेत वार्ड स्वास्थ्य नायक व कर्मचारी मौजूद रहे।
नाली का निरीक्षण किया
ललितपुर। वार्ड नंबर 12 मुहल्ला सिविल लाइन में आकाश होटल के पीछे नाली का पानी भरा होने की शिकायत पर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी ने मौके का निरीक्षण किया। शिकायतकर्ता अरविंद कुमार शुक्ला ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर बताया था कि नाली की निकासी का कोई रास्ता नहीं होने के कारण मुहल्ले में पानी भरा रहता है। उनके दरवाजे के सामने गंदा पानी और कीचड़ जमा रहता है। साथ ही गंदगी की वजह से सुअर और मच्छरों का प्रकोप है। इस पर मंगलवार को अधिशासी अधिकारी राकेश कुमार ने मौके का निरीक्षण किया और नाली का कचरा हटवा दिया, जिससे सफाई हो गई।