ललितपुर। उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल ने विद्युत विभाग द्वारा उपभोक्ताओं को बढ़े बिल देने और सुधारने के नाम पर वसूली करने के आरोप लगाते हुए पुतला फूंका।
शनिवार की सुबह व्यापारियों ने घंटाघर पर बिजली विभाग का पुतला दहन किया। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी रमेश चंद को सौंपा। ज्ञापन में बताया कि प्रदेश सरकार चौबीस घंटे बिजली उपलब्ध कराने, घर-घर बिजली पहुंचाने और भ्रष्टाचार पर जीरो टालरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। लेकिन, जिले का विद्युत विभाग सरकार की छवि धूमिल करने का काम कर रहा है। विभाग में दलाल सक्रिय हैं। इससे विभाग की छवि खराब हो रही है। कुछ दिन पूर्व एक घरेलू विद्युत उपभोक्ता का भारीभरकम बिल बनाकर भेजा गया। दलाल के माध्यम से 25 हजार रुपये में मामला सैटल हो गया।
मीटर चेकिंग एवं विद्युत भार चेकिंग के नाम पर उपभोक्ताओं का उत्पीड़न किया जा रहा है। विद्युत मीटर बहुत तेज गति से भाग रहे हैं। मांग की गई कि कोरोना काल में विद्युत उपभोक्ताओं के विद्युत बिल की राशि आधी अथवा फिक्स चार्ज को समाप्त कर उपभोक्ताओं को राहत दी जाए। ज्ञापन पर जिलाध्यक्ष नरेंद्र कड़ंकी, जिला संयोजक सुनील चौबे, जीतू राजा, संजय ड्योड़िया, अंकुर जैन, नूतन राज सक्सेना, सन्नी गुप्ता, अज्जू बाबा, राकेश दुबे, मंगू पहलवान, संजय रसिया, हेमंत कुमार, आनंद चंदावली, अभिषेक मुच्छाल, अमित जैन, गिरीश पाठक, राजेेंद्र गुप्ता, अजय जैन, नीरज, दीपक राज सोनी आदि के हस्ताक्षर हैं।