विद्यालय में दो-दो प्रशिक्षक सप्ताह में छह घंटे देंगे प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा नौ से बारहवीं तक के छात्रों को अब व्यवसायिक शिक्षा भी मिलेगी। इसके लिए विद्यालय में दो-दो प्रशिक्षक सप्ताह में छह घंटे प्रशिक्षण देंगे। इसकी कवायद जनपद में विभाग ने शुरू कर दी है।
छात्रों में नई तकनीकी और व्यावसायिक दक्षता विकसित करने और पढ़ाई के साथ-साथ स्वरोजगार, कौशल आधारित कॅरिअर के लिए शिक्षा-व्यवस्था पर जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में राजकीय और सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ाई के साथ रोजगारपरक व्यावसायिक शिक्षा दी जाएगी। विद्यालयों में पढ़नेवाले कक्षा नौवीं से 12वीं तक के छात्रों को उनकी मनपसंद ट्रेड कृषि, आईटी और रिटेल सहित अन्य ट्रेडों के कौशल सिखाए जाएंगे। इसके लिए विद्यालयों में दो-दो व्यावसायिक प्रशिक्षक होंगे। जोकि सप्ताह में करीब छह घंटे तक छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षण देंगे। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक व्यावसायिक प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में करीब 25 छात्रों का दाखिला अनिवार्य किया गया है। प्रशिक्षण में केवल किताबों की पढ़ाई के साथ-साथ व्यावहारिक जानकारी और काम करने का तरीका सिखाया जाएगा। इससे छात्र-छात्राओं में नई तकनीकी और व्यावसायिक दक्षता विकसित होगी। जिससे कि वह आगे की पढ़ाई के साथ स्वरोजगार और कौशल आधारित कॅरिअर के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो सकेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि शासन के निर्देश पर व्यावसायिक शिक्षा देने की कवायद की जा रही है। इसमें प्रशिक्षकों के जरिए छात्रों को व्यवसायिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।