ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मलावनी में रविवार की रात को एक ग्रामीण ने पेड़ पर फांसी से लटककर जान दे दी।
ग्राम मलावनी निवासी पुष्पेंद्र यादव पुत्र गुलाब सिंह सागर जिले में जेसीबी मशीन चलाता था। रविवार की रात करीब नौ बजे वह घर से सागर जाने की बात कहकर अपनी मोटरसाइकिल लेकर चला गया। कुछ देर बाद उसके ही परिजन घर से करीब दो सौ मीटर दूर स्थित बाड़े के पास से निकले, वहां पुष्पेंद्र की मोटरसाइकिल खड़ी दिखाई दी। उन्होंने रुककर आसपास देखा, तो बाड़े में पुष्पेंद्र का शव चिरौल के पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटका मिला। जानकारी मिलने पर दैलवारा चौकी पुलिस मौके पर गई और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के बड़े भाई तुलसीराम ने बताया कि पुष्पेंद्र आठ दिन पहले से सागर से आया था। रविवार को दिन में उसने गांव में खेत पर काम किया। रात में जेसीबी मालिक का फोन आने पर सागर जाने की बात कहकर घर से गया था। जब वह बाड़े के पास से निकला तो मोटरसाइकिल खड़ी दिखाई दी। पुष्पेंद्र का शव पेड़ पर लटक रहा था। उसने बताया कि भाई ने फांसी किन परिस्थितियों मेें लगाई, इसके संबंध में भाई ने घर में कुछ नहीं बताया। मृतक के दो पुत्र हैं और वह दो भाइयों में छोटा था।