बार। विकासखंड बार के ग्राम बरौदाडांग में चिताई मोहल्ले से दुर्गा मंदिर तक जाने वाला करीब 1.50 किलोमीटर मार्ग लंबे समय से जर्जर है। सड़क से बोल्डर और पत्थर उखड़ जाने से जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गए हैं। इससे ग्रामीणों को वाहन से निकलना तो दूर पैदल चलने में भी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने सांसद को पत्र भेजकर मार्ग पर सीसी रोड निर्माण कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग से चिताई, तिवरया, फरकवारे, बंधिया और संती समेत आसपास के गांवों के सैकड़ों लोग रोजाना आवागमन करते हैं। इसी मार्ग पर बीएसएनएल का टावर भी स्थापित है। जंगल से आने-जाने वाले जानवर भी इसी रास्ते का उपयोग करते हैं। बारिश के दौरान सड़क की स्थिति और खराब हो जाती है और पूरा मार्ग कीचड़ में तब्दील हो जाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क खराब होने से स्कूली बच्चों, मरीजों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी होती है। उन्होंने जनहित को देखते हुए मार्ग का जल्द निर्माण कराने की मांग की है। ज्ञापन पर पूर्व भाजपा मंडल महामंत्री रामरूप शांडिल्य, बृजेश पुजारी, बल्लू राजा, रामदयाल, जगदीश चितई और ग्राम प्रधान बरौदाडांग सरजूवाई समेत ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं।