18 फरवरी से शुरू हो रही परीक्षा में जनपद में शामिल होंगे 36677 परीक्षार्थी
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। यूपी बोर्ड की आगामी परीक्षाओं के लिए विभाग तेजी से तैयारियां करने में जुटा हुआ है। परीक्षा में माध्यमिक और बेसिक शिक्षा विभाग के करीब 1500 शिक्षक-शिक्षिकाएं ड्यूटी करेंगे। माध्यमिक शिक्षा विभाग परीक्षा के लिए शिक्षकों को नामित करने की कवायद में जुटा हुआ है।
18 फरवरी से जिले में 50 केंद्रों पर यूपी बोर्ड की हाईस्कूल-इंटरमीडिएट की परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। परीक्षा में हाईस्कूल के 20463 और इंटरमीडिएट के 16214 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। परीक्षाओं को सुचारु, पारदर्शी और नकलविहीन कराने के लिए विभाग तेजी से जुटा हुआ है। परीक्षा वाॅयस रिकार्डिंग वाले सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगी। इसके लिए जनपद स्तर पर डीआईओएस कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया जा रहा है। जोनल, सेक्टर, स्टेटिक मजिस्ट्रेट सहित केंद्र व्यवस्थापक तैनात रहेंगे। परीक्षा में कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी की जिम्मेदारी बेसिक शिक्षा विभाग और माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षक उठाएंगें। विभागीय अधिकारियों के अनुसार यूपी बोर्ड की परीक्षा कराने के लिए बेसिक व माध्यमिक के शिक्षक कक्ष निरीक्षक सहित अन्य जिम्मेदारियां निभाएंगे। वर्तमान में विभाग परीक्षा के लिए इन शिक्षकों को नामित करने की कवायद में जुटा हुआ है।
डीआईओएस ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि परीक्षा कराने के लिए बेसिक व माध्यमिक विभाग के शिक्षक-शिक्षिकाओं की ड्यूटी लगाई जाएगी। इनको जल्द ही नामित किया जाएगा। इसके बाद इन शिक्षकों को इस संबंध में प्रशिक्षण दिया जाएगा।