ललितपुर। थाना बानपुर अंतर्गत ग्राम छतारा के पास निकली सजनाम नहर के पास गड्ढे में झाड़ियों के बीच चादर से लिपटा एक युवक का शव मिला है। युवक का सिर और पैर बिजली के तार से बंधे हुए थे। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर खोजबीन शुरु कर दी है। युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी।
थाना बानपुर अंतर्गत ग्राम खिरिया ग्राम छतारा में शनिवार को दोपहर करीब तीन बजे सजनाम नहर के पास एक गड्ढे में बेशरम की झाड़ियों में एक युवक का कई दिन पुराना शव चादर में लिपटा पड़ा मिला। जानकारी मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। शव का सिर और पैर बिजली के तारों से बंधा था। पास में ही एक लोहे का पाइप पड़ा मिला है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि व्यक्ति को कहीं और मारकर यहां फेंक दिया गया होगा। फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। मृतक की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष की बीच आंकी जा रही है। शव पांच से छह दिन पुराना होने के कारण उसका चेहरा भी खराब हो गया है। इससे पहचानना मुश्किल हो रहा है। जानकारी मिलने पर क्षेत्र अधिकारी महरौनी श्याम नारायण सिंह घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की जानकारी ली।