ललितपुर (ब्यूरो)। शिक्षित बेरोजगारों को रोजगार देने के लिए दो दिवसीय रोजगार मेला का आयोजन किया गया। मेला में 48 बेरोजगार अभ्यर्थियों का चयन किया गया।
कार्यालय परिसर में आयोजित मेला के पहले दिन सोमवार को वर्धमान फेब्रिक्स बुधनी टेक्सटाइल लिमिटेड के अधिकारियों ने उपस्थित बेरोजगारों को कंपनी द्वारा लिए जाने वाले कार्य, प्रशिक्षण भत्ता और वेतन आदि के बारे में बताया। कंपनी के अधिकारी श्रवण कुमार द्वारा 27 प्रशिक्षु मशीन आपरेटरों की भर्ती की गयी।
इसी प्रकार सिक्योरिटी और इंटीलिजेंस सर्विसेज नई दिल्ली द्वारा रोजगार मेला में बेरोजगारों से उनकी शारीरिक तथा शैक्षिक योग्यता के अनुरूप विभिन्न भर्ती श्रेणियों में सुरक्षा जवान, सुपरवाइजर पदों के लिये हाईस्कूल, इंटर तथा स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की भर्ती की।
कंपनी के अधिकारी दीपक शर्मा ने बताया कि सिक्योरिटी स्किल्स इंडिया लिमिटेड द्वारा सुरक्षा जवान के लिए एक माह व सुरक्षा सुपरवाइजर के लिए दो माह का आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। रोजगार मेला में 21 बेरोजगार अभ्यर्थियों का चयन किया गया।
इस अवसर पर जितेंद्र सिंह नरवरिया, जिला सेवायोजन अधिकारी चंद्रचूड़ दुबे, मनोज शर्मा, नरेंद्र कुमार वर्मा, उमेश कुमार, करन सिंह उपस्थित थे।