मिलावटी शराब मिलने पर दुकान सीज, सेल्समैन गया जेल
तालबेहट। तालबेहट स्थित विदेशी शराब की दुकान पर छापा मारा गया। इस दौरान नकली एवं मिलावटी शराब पकड़ी गई। इस पर दुकान को सीज कर दिया गया। ठेकेदार और सेल्समैन के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आबकारी निरीक्षक अमित कुमार कुशवाहा ने बताया कि मुखबिर ने सूचना दी कि तालबेहट स्थित विदेशी मदिरा दुकान में नकली एवं पानी मिली शराब बेची जा रही है। इस पर पुलिस क्षेत्राधिकारी तालबेहट देवेंद्र सिंह और हमराही सिपाहियों के साथ दुकान पर छापा मारा गया। वहां पर उन्होंने काउंटर पर रखी खुली पेटी आरएस ब्रांड के एक पौआ को यूपी एक्साइज एप से स्कैन किया तो वह सही नहीं पाया गया।
जब सेल्समैन से कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने स्वीकार किया कि वह कुछ पौआ में पानी मिला कर व अधिक शराब बना लेता है। इसके अलावा दुकान पर 26520 रुपये भी मिले। वह बिक्री के बताए गए हैं। ठेकेदार राजदीप बुंदेला निवासी वनगुवांकलां और सेल्समैन मनीष कुशवाहा निवासी करीला खांदी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मनीष कुशवाहा को जेल भेज दिया गया है।