‘प्रेरणा’ के खिलाफ शिक्षकों ने दिया धरना
मड़ावरा। परिषदीय स्कूलों में विभिन्न शैक्षिक गतिविधियों की सूचना मोबाइल एप के जरिये लेने के लिए शासन द्वारा लागू किए गए ‘प्रेरणा’ एप का विरोध कम होता नजर नहीं आ रहा है। मड़ावरा में उत्तरप्रदेश जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ ने एप के विरोध में धरना दिया। इसके बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन खंड शिक्षा अधिकारी आरजी वर्मा को सौंपा। शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष नीरज चतुर्वेदी ने कहा कि एप का विरोध नहीं, बल्कि त्रुटिपूर्ण एवं निजता का हनन करने वाले एप में संशोधन कर स्वैच्छिक किया जाए। शिक्षक संगठनों के आपसी बिखराव का फायदा लेने का प्रयास किया जा रहा है। सभी शिक्षक संगठनों को एक मंच पर आकर इससे लड़ने की आवश्यकता है। प्रांतीय मीडिया प्रभारी रमेश चंद्र रजक ने कहा कि शिक्षक एकता को शिक्षामित्र व अनुदेशक के रुप में आपस में बांटकर शोषण करने की नीतियां बनाई जा रही हैं।
अनुदेशक कल्याण समिति के जिलाध्यक्ष कमलेश नामदेव ने कहा कि शासन की मंशा संविदाकर्मियों के प्रति शोषण वाली प्रतीत हो रही है। हमें अपने अधिकारों की लड़ाई सोशल मीडिया पर घर बैठकर नहीं, बल्कि बाहर निकलकर एकजुट होकर लड़ने की आवश्यकता है। उच्च प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष यासीन खां ने कहा कि बेसिक शिक्षा मंत्री से पूर्व वार्ता में एप में संशोधन एवं स्वैच्छिक करने का वायदा पूरा नहीं किया गया। 28 सितंबर तक यह एप वापस लिया जाए।
इस दौरान देशराज वर्मा, महेश खटीक, टीकाराम अहिरवार, अनूप कुमार दुबे, महेश वर्मा, दीपक सोनी, इमरान ख़ान, ओमकार त्रिपाठी, रोहित चतुर्वेदी, जयसिंह, अमित श्रीवास्तव, दुलीचंद नामदेव, मुन्नालाल कुशवाहा, रामकुमार कुशवाहा, मंजू यादव, अलका जाटव, पन्नालाल सेन, मनोज विश्वकर्मा, संदीप कुमार, नफीस अहमद, प्रकाश राय, श्याम किशोर सोनी, मानसिंह, राजेश सेन, जाकिर खान, ऊदल कुशवाहा समेत तमाम शिक्षक मौजूद रहे। संचालन हरीशंकर सोनी ने किया।