- बार कस्बा में एक ही घर में दो मरीज निकलने से मचा हडकंप
- बीडीओ ने टीम भेजकर सफाई और डीडीटी का छिड़काव कराया
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर-पुलवारा। जनपद में डेंगू के मरीज मिलने का सिलसिला तेज हो गया है। शुक्रवार को ब्लॉक बार के कस्बा में व्यापारी नेता की चार वर्षीय बेटी और भाई की पत्नी की निजी लैब पर कराई गई जांच में डेंगू निकलने पर परिजन उन्हें लेकर झांसी रवाना हो गए। अब जनपद में डेंगू के मरीजों की संख्या 13 पर पहुंच गई है। यह स्थिति तब है जबकि बीते माह संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया गया था। हालांकि विभागीय अधिकारियों का कहना है कि वर्तमान में अधिकांश मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।
कस्बा बार निवासी एक व्यापारी नेता की पुत्री और उसके भाई की पत्नी को बृहस्पतिवार सुबह तेज बुखार होने पर परिजन उसे प्राइवेट अस्पताल में लेकर गए, जहां पैथोलॉजी पर जांच कराने पर उसकी डेंगू की रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जिसके बाद दवाई लेकर परिजन घर आ गए, वहीं उसकी चार वर्षीय लड़की गौरवी को भी बृहस्पतिवार शाम को तेज बुखार आ गया, जिसकी जांच शुक्रवार को कराने पर उसकी भी रिपोर्ट पॉजिटिव आने से परिजन दोनों को लेकर झांसी प्राइवेट हॉस्पिटल में लेकर गए। कस्बे में एक घर में दो डेंगू के मरीज मिलने की जानकारी पर लोग सकते में आ गए। स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। मामला संज्ञान में आने पर खंड विकास अधिकारी सर्वेश कुमार रवि ने तत्काल सफाई कर्मियों की टीम पहुंचाकर सफाई करवाई व डीडीटी का छिड़काव करवाया। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक डॉ. रिहान आलम का कहना है कि शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम लगाकर कस्बे में घर-घर बुखार के मरीजों की सूची तैयार कर उनकी जांच करवाई जाएगी व फागिंग के साथ एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराया जाएगा।
मालूम हो कि बीमारियों की रोकथाम को लेकर बीते माह संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया गया था, जिसमें जलभराव रोकने, मच्छरों को नष्ट करने, बचाव के लिए लोगों को जागरूक करने समेत अन्य प्रक्रियाएं 10 विभागों ने संयुक्त रूप से लगाए गए थे। लेकिन डेंगू के मिल रहे मरीजों से अभियान के दावों की पोल खुल रही है। अबतक डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़कर 13 पहुंच गई है। इनमें ब्लॉक जखौरा अंतर्गत ग्राम मसौराखुर्द में छह वर्षीय व दस वर्षीय बालिकाओं आठ सितंबर को बुखार आ गया था। उपचार कराने पर ठीक नहीं हुई, जिसके बाद एलाईजा जांच कराई। 15 सितंबर को आई रिपोर्ट में डेंगू की पुष्टि हुई। हालांकि अब दोनों स्वस्थ्य हैं। वहीं, ग्राम हर्षपुर के मजरा साटिया निवासी 35 वर्षीय व्यक्ति को 12 सितंबर को बुखार आ गया। निजी क्लीनिक पर जांच कराई, जिसमें डेंगू की पुष्टि हुई। वहीं आठ मरीज पहले मिल चुके थे जो उपचार के बाद स्वस्थ हो गए।
-
डेंगू के मरीजों की संख्या 11 थी लेकिन आज पता चला कि निजी लैब में बच्ची समते दो लोगों को डेंगू की पुष्टि हुई है, अभी पोर्टल पर रिपोर्ट नहीं आई है। वर्तमान में अधिकांश मरीज पूरी तरह से स्वस्थ हैं।-डॉ. इम्तियाज अहमद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी