ललितपुर से झांसी तक सड़क पर गड्ढों की भरमार, पहले भी हो चुकी है दुर्घटना
तालबेहट। ललितपुर से झांसी जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर गड्ढे होने से आए-दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। आलम यह है कि 20 घंटे के अंदर इस मार्ग पर अलग-अलग स्थानों पर दो चार-पहिया वाहन अनियंत्रित होकर पलट गए। ईश्वर की कृपा रही कि कोई जन हानि नहीं हुई।
सोमवार की रात राजमार्ग पर समय करीब नौ बजे झांसी निवासी कुछ लोग कार से सागर से जा रहे थे। तेरई फाटक के कुछ आगे उनकी कार अचानक गड्ढे में आकर अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे कार सड़क किनारे गिर गई और उसमें सवार लोग बाल-बाल बच गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार सवार दंपती को बाहर निकाल कर उन्हें दूसरे वाहन से झांसी भेज दिया।
मंगलवार को शाम करीब चार बजे राजमार्ग पर कड़ेसराकलां स्थित पेट्रोल पंप के पास झांसी से ललितपुर की ओर जा रही एक कार सड़क पर गड्ढे को बचाने के दौरान अनियंत्रित होकर पलट गई। इसमें सवार रोहित, अनिल, संजय, नीलम और रामदास पटेल मामूली रूप से चोटिल हुए। आसपास के लोगों ने बताया कि वे लोग दूसरे वाहन से रवाना हो गए। कार सवार लोग खाटू श्याम के दर्शन करके अपने घर जबलपुर जा रहे थे।