ललितपुर। थाना बालाघाट अंतर्गत कस्बा के पास निकली सौर नदी में बहे दो ग्रामीणों के शव एक किलोमीटर दूर नदी में उतराते मिले। जानकारी मिलने पर बालाबेहट पुलिस ने दोनों शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।
कस्बा बालाबेहट निवासी हरि सिंह (25) पुत्र मुन्ना सहरिया अपने एक रिश्तेदार के साथ शनिवार को ललितपुर दवा लेने के लिए आया था। उसके साथ गांव का ही लाखन (55) पुत्र दंगल सहरिया भी था। जब वह दोनों हरि सिंह और लाखन वापस गांव लौट रहे थे, इसी दौरान दोनों ग्रामीण रास्ते में पड़ने वाली उफनाती सौर नदी पार करने का प्रयास कर रहे थे, दोनों नदी के तेज बहाव में बह गए। ग्रामीणों और पुलिस ने दोनों की तलाश की लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल सका। सोमवार को सुबह आठ बजे लाखन का शव एक किलोमीटर आगे नदी में उतराता मिला, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद सोमवार को ही शाम को दूसरे ग्रामीण हरि सिंह का शव भी कुछ दूर नदी में उतराता मिला।