संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। कोहरे से भले ही राहत मिल गई हो, लेकिन आधा दर्जन से अधिक ट्रेनें अब भी घंटों की देरी से चल रही हैं। तुलसी एक्सप्रेस, गीता जयंती, मालवा, दक्षिण और पठानकोट समेत आधा दर्जन से अधिक ट्रेनें घंटों की देरी से ललितपुर स्टेशन आईं।
प्रयागराज से आने वाली तुलसी एक्सप्रेस मंगलवार को सवा छह घंटा विलंब होकर देर रात 2:50 बजे के स्थान पर सुबह 9:12 बजे ललितपुर आई। गीता जयंती एक्सप्रेस साढ़े चार घंटे देरी से आकर रात 3:45 बजे के स्थान पर सुबह 7:23 बजे आई। मालवा एक्सप्रेस दो घंटा देरी से तड़के 4:21 बजे के स्थान पर सुबह सवा छह बजे आई। जबकि, दक्षिण एक्सप्रेस दो घंटा विलंब होकर सुबह 6:11 बजे के स्थान पर सुबह 8:10 बजे आई।
लखनऊ की ओर से आने वाली कुशीनगर एक्सप्रेस भी मंगलवार को ढाई घंटा विलंब होकर सुबह 6:33 बजे के स्थान पर सुबह 8:58 बजे ललितपुर स्टेशन आई। जबकि, वंदे भारत और शताब्दी एक्सप्रेस भी आधा घंटे तक विलंब से आई।