संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जंगल में पहाड़ी पर रक्त रंजित मिले अज्ञात महिला की शव के शिनाख्त के लिए पुलिस टीम समीपवर्ती मध्य प्रदेश क्षेत्र में सुराग तलाशने में जुटी है।
थाना जखौरा अंतर्गत ग्राम आलापुर में 16 जनवरी की शाम को जंगल में पहाड़ी पर 25 वर्षीय महिला का शव मिला था। पोस्टमार्टम में महिला के सिर पर भारी वस्तु से हमला होने से मौत होना उसकी मौत का कारण निकला था। साथ ही स्लाइड बनाकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया था। एसपी मोहम्मद मुश्ताक के निर्देश पर थाना जखौरा पुलिस, एसओजी, सर्विलांस टीमें महिला की शिनाख्त के प्रयास में जुट गई थीं। आसपास के गांवों में पहुंचकर ग्रामीणाें से जानकारी लेकर महिला की पहचान का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
घुमंतु जाति के डेरे पर जाकर महिला के बारे में जानकारी जुटाई थी। महिला की शिनाख्त संबंधी सुराग खोजने के लिए घटनास्थल सहित आसपास के जंगल में जांच पड़ताल की थी, लेकिन यहां से भी निराशा हाथ लगी थी। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से भी ज्यादा मदद पुलिस को नहीं मिली। अब पुलिस टीम अज्ञात महिला के समीपवर्ती मध्य प्रदेश की होने की आशंका को देखते हुए एमपी के गांवों में पहुंचकर महिला की पहचान करने में जुटी है।