ललितपुर। आगामी 01 जुलाई से 31 जुलाई 2021 तक ‘संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान चलाया जाएगा। इसे लेकर कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अन्नावि दिनेशकुमार ने जनपद स्तरीय अंतरविभागीय बैठक ली।
बैठक में जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि अभियान 1 जुलाई से 31 जुलाई एवं दस्तक अभियान 12 जुलाई से 25 जुलाई तक प्रदेश के समस्त 75 जनपदों में चलेगा। डीएम ने कहा कि जनपद के सभी अधिकारीगण अभियान की सफलता के लिए जनपद एवं ब्लाक स्तरीय माइक्रो प्लान 28 जून तक उपलब्ध करा दें। अभियान की द्वितीय अंतरविभागीय बैठक 29 जून 2021 को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में की जाएगी। उन्होंने बताया कि दस्तक अभियान के संचालन के लिए ब्लॉक स्तरीय माइक्रो प्लान 30 जून तक उपलब्ध कराए जाएं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि अभियान की सफलता हेतु ग्रामीण क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाए, साथ ही यहां पर किसी भी हालत में जलभराव की स्थिति न होने दें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार पांडेय, अपर जिला अधिकारी नमामि गंगे लवकुश त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अनिल कुमार मिश्र, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. डीके गर्ग, जिला क्षयरोग नियंत्रण अधिकारी डॉ. जेएस बक्शी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश भारती, जिला कार्यक्रम अधिकारी पुष्पा वर्मा, जिला मलेरिया अधिकारी मनोज कुमार, जिला सूचना अधिकारी पीयूष राय अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।