ललितपुर। थाना सोजना के अंतर्गत ग्राम खटौरा में एक ग्रामीण ने घर के बाहर कमरे के रोशनदान पर रस्सी से फांसी लगाकर जान दे दी। सोजना पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजन फांसी लगाने की वजह नहीं बता पा रहे हैं।
थाना सोजना के ग्राम खटौरा निवासी फूलचंद (41) पुत्र मौंजी कुशवाहा रविवार की रात को घर में ही था। खाना खाने के लिए वह घर के बाहर चबूतरे पर तखत रखवाकर सोने चला गया। अन्य सभी परिजन घर के अंदर कमरों में सो रहे थे। देर रात को करीब दो बजे उसकी पत्नी गुड्डी की नींद खुल गई, उसने बाहर के कमरे का दरवाजा खोलकर देखा तो उसकी चीख निकल गई। उसके पति फूलचंद का शव कमरे के रोशनदान पर रस्सी के सहारे चबूतरे पर बाहर की ओर फांसी के फंदे पर लटक रहा था। उसकी चीख सुनकर अन्य परिवारजन व मोहल्लेवासी एकत्रित हो गए। परिजनों व ग्रामीणों ने जाकर फूलचंद की नाड़ी देखी, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।
जानकारी मिलने पर सोजना थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बेटे आशाराम ने बताया कि उसके पिता रात करीब 10 बजे बाहर तखत रखवा कर सोने चले गए थे। वह शराब भी पिए थे इसी वजह से बाहर सोने चले गए। उन्होंने फांसी किन परिस्थितियों में लगाई परिवारजनों को कोई जानकारी नहीं है। मृतक के एक बेटा और एक बेटी है। जबकि वह तीन भाइयों में दूूसरे नंबर का था।
-------
एक साल पहले फूलचंद को पथरी होने के चलते ऑपरेशन हुआ था, लेकिन इसके बाद भी लगातार दर्द से वह परेशान चल रहा था और इसी के चलते शराब पीने का आदी भी हो गया था। संभवत: इसी वजह से उसने फांसी लगाकर जान दी है।
-सत्यप्रकाश शर्मा, थानाध्यक्ष, सोजना।