ललितपुर। रक्षाबंधन के चलते लोगों ने दो महीने पहले ही टिकट की बुकिंग कर ली। इससे इंदौर, कानपुर, मथुरा, आगरा, दिल्ली, जबलपुर, कानपुर व गोरखपुर रूट की अधिकांश ट्रेनें फुल चल रही हैं। कई ट्रेनों में तो चार दिन पहले तक कोई भी सीट खाली या वेटिंग तक नहीं है।
रक्षाबंधन पर्व के चार दिन पहले यानी पांच अगस्त से कानपुर जाने वाली अधिकांश ट्रेनों में आरक्षण फुल चल रहा है। पांच अगस्त को कानपुर, लखनऊ की ओर जाने वाली राप्तीसागर एक्सप्रेस में स्लीपर व थर्ड एसी में कोई जगह नहीं है। जबकि, द्वितीय व प्रथम श्रेणी एसी में एक से तीन वेटिंग चल रही है। छह, सात और आठ अगस्त में भी राप्तीसागर एक्सप्रेस में ऐसी ही स्थिति है।
सीतापुर एक्सप्रेस, कुशीनगर एक्सप्रेस और पुष्पक एक्सप्रेस में स्लीपर श्रेणी में पांच से आठ अगस्त तक कोई जगह नहीं है। छह से आठ अगस्त तक गोरखपुर एक्सप्रेस में द्वितीय श्रेणी में कोई जगह नहीं है, जबकि एसी में एक से दो वेटिंग चल रही है। साबरमती, कुशीनगर, इंदौर-पटना एक्सप्रेस में भी स्लीपर में जगह नहीं है। इंदौर-पटना एक्सप्रेस में किसी भी श्रेणी में छह से आठ अगस्त तक कोई जगह नहीं है। इसी तरह सीतापुर एक्सप्रेस, कुशीनगर एक्सप्रेस, कामाख्या एक्सप्रेस और पुष्पक एक्सप्रेस में किसी भी श्रेणी में छह से आठ अगस्त तक जगह नहीं है।
वहीं, ललितपुर से दिल्ली के लिए समता एक्सप्रेस, छत्तीसगढ़, झेलम, पंजाबमेल, दादर अमृतसर, पातालकोट, दक्षिण एक्सप्रेस, मालवा, कुरुक्षेत्र, गोंडवाना एक्सप्रेस में पांच से आठ तक स्लीपर क्लास में कोई जगह नहीं है। जबकि, एसी में एक से पांच तक वेटिंग चल रही है। ऐसा ही हाल इंदौर जाने वाली ट्रेनों का भी है। त्योहारों पर सामान्य डिब्बे पूरी तरह ठसाठस भरे रहते हैं, जबकि स्लीपर और एसी में भी वेटिंग टिकट वालों की संख्या बढ़ जाती है। इससे लोकल यात्रियों को भी काफी परेशानी होती है। सामान्य डिब्बे में जगह न मिलने पर वे स्लीपर व एसी कोच में जाते हैं तो वहां जांच टीमों के निशाने पर रहते हैं।