महरौनी। सड़क हादसे में नौ श्रद्धालुओं की असामयिक मृत्यु से नगरवासी शोक में डूबे हैं। मंगलवार को गल्ला मंडी में व्यापारियों व मंडी प्रशासन ने शोक सभा की जिसमें दिवंगत की आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन रख ईश्वर से प्रार्थना की गई और श्रद्धांजलि स्वरूप एक दिन के लिए मंडी की खरीद-फरोख्त पूरी तरह बंद रखी गई।
शोकसभा में वक्ताओं ने घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि कई मृतक अपने परिवार के एकमात्र सहारा थे, जिनके निधन से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। व्यापारियों ने उत्तर प्रदेश शासन से प्रत्येक मृतक के परिजन को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की। शोकसभा में मंडी सचिव अनूप सिंह यादव, मंडी इंस्पेक्टर स्वप्निल पंडा, सेवानिवृत्त मंडी इंस्पेक्टर कृष्णानंद यागिक सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। संवाद