संवाद न्यूज एजेंसी
तालबेहट। शुक्रवार सुबह थाना पूराकलां अंतर्गत ग्राम पूराविरधा में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर मेडिकल स्टोर में घुस गया। इस घटना में बाहर बैठे दो लोग ट्रैक्टर से कुचल गए। एक की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
पूराविरधा निवासी सुरेश लोधी (55) और छोटेलाल (45) गांव के ही मेडिकल स्टोर के पास बैठे हुए थे। तेज गति से आ रहा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया। जब तक चालक उस पर नियंत्रण करता तब तक ट्रैक्टर मेडिकल स्टोर के बाहर बैठे दोनों लोगों को कुचलता हुआ दुकान में घुस गया। सुरेश की मौके पर ही मौत हो गई और छोटेलाल गंभीर रूप से घायल हुआ।उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज झांसी भेज दिया गया। घटना स्थल पर भीड़ देख चालक ट्रैक्टर छोड़ कर भाग गया। इस घटना से मृतक के परिवार में शोक छा गया। थानाध्यक्ष अभिनेंद्र सिंह ने बताया कि घटना स्थल से ट्रैक्टर को कब्जे में लिए गया है, तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।