जिले के विकासपरक समीक्षा बैठक करते बुंदेलखंड विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष राजा बुंदेला व अधिकारी
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। जनपद के विकास परक बिंदुओं पर समीक्षात्मक बैठक का आयोजन मंगलवार को पीडब्ल्यूडी सर्किट हाउस में बुंदेलखंड विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष राजा बुंदेला की अध्यक्षता में किया गया, जिसमें उन्होंने सड़क, विद्युत, पेयजल, स्वच्छता, निराश्रित गौवंश सहित अन्य आवश्यक बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की और बताया कि जनपद के पर्यटन स्थलों के संरक्षण और विकास के लिए पर्यटन कार्यालय स्थापित कराया जाएगा जाएगा। बैठक से पूर्व बुंदेलखंड विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष ने जनपद के ग्राम कारीटोरन, भीकमपुर, कुष्माड़ और मड़ावरा ग्रामों का भ्रमण किया, उक्त ग्रामों से प्राप्त फीड बैक के आधार पर इस बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में बुंदेलखंड विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष राजा बुंदेला ने अधिकारियों से कहा कि जनपद में डेयरी उद्योग की संभावनाओं के विकास के लिए जनपद को झांसी के बाल्मीकि प्रोजेक्ट से जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जनपद में पर्यटन विकास की अपार संभावनाएं हैं, यहां प्राचीन कालीन पुरासंपदाओं का भंडार है, देवगढ़ का दशावतार व जैन मंदिर, श्रीरणछोर मंदिर, दूधई की अद्भुत कला के रूप में स्थापित मंदिर, चांदपुर-जहाजपुर, बंट का च्यवन आश्रम व जल प्रपात, करकरावल जल प्रपात, पांडव वन, पाली नील कंठेश्वर समेत दर्जनों पर्यटन व पुरा महत्व के मनोहारी स्थल मौजूद हैं, जिन्हें जरूरत है तो इनके संरक्षण एवं विकास की। जिसके चलते जनपद के पर्यटन स्थलों के विकास के लिए यहां पर्यटन कार्यालय स्थापित कराया जाएगा। बिजली आपूर्ति की समीक्षा के दौरान उन्होंने अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देश दिए कि जनपद में चौबीस घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और इसके लिए खराब ट्रांसफार्मरों को 48 घंटे में बदला जाए। फसल बीमा की समीक्षा के दौरान बताया कि जनपद में बताया कि बीमा कंपनी द्वारा 1,37,555 कृषकों को 305.93 करोड़ का भुगतान किया जा चुका है। 4,564 कृषकों का भुगतान शेष है। इस पर निर्देश दिये कि शीघ्रता के साथ अवशेष किसानों को बीमा की राशि दिलाई जाए। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी की समीक्षा में कहा कि अपात्र लोगों का पुनर्सत्यापन कराया जाए, जिससे कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने पेयजलापूर्ति की समीक्षा में बताया गया कि जनपद में सुचारू रूप से पेयजलापूर्ति की जा रही है, विद्युत आपूर्ति की कमी की वजह से कभी कभी आपूर्ति में बाधा उत्पन्न होती है। उन्होंने निराश्रित गौवंशो के संबंध में समीक्षा में निर्देश दिए कि जनपद की गौशालाओं में संरक्षित गौवंशों का नियमित टीकाकरण किया जाए एवं उनका नियमित रूप से चिकित्सकीय परीक्षण कराएं। गौशालाओं में भूसे की उपलब्धता पर्याप्त रखें, इसके साथ ही ऐसी व्यवस्था की जाए कि ग्रामीण अपने पशुओं को चारागाहों में चरा कर वापस गौशाला में छोड़ जाएं, इससे पशुओं को पौष्टिक आहार एवं हर चारा भी मिलता रहेगा। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड के किसान अपनी फसल के लिए नहर के पानी पर निर्भर रहता है, इसलिए यह अवश्य है कि आगामी फसल से पहले नहरों की सिल्ट सफाई कराई जाए, साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि नहरों का पानी टेल तक पहुंचे। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार पांडेय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. प्रताप सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी अवधेश कुमार, जिला सूचना अधिकारी पीयूष चन्द्र राय, अधिशासी अभियंता विद्युत आकाश सचान आदि उपस्थित रहे।