ललितपुर कोतवाली क्षेत्र के स्टेशन तिराहा पर तीन दिन से छेड़छाड़ से परेशान युवतियों ने एक मनचले को पकड़कर थप्पड़ और चप्पलों से उसकी पिटाई कर दी। यह नजारा देखकर आसपास भीड़ जमा हो गई, हालांकि युवतियों ने दूसरे लोगों को उस युवक को हाथ भी नहीं लगाने दिया। इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वहीं जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में ले लिया।
कोतवाली क्षेत्र के स्टेशन तिराहा पर तीन युवतियां किसी काम से पैदल बाजार की ओर जा रही थीं, इसी दौरान एक युवक ने उन युवतियों पर कुछ टिप्पणी कर दी। जिससे परेशान होकर युवतियों ने उसे कुछ आगे जाकर पकड़ लिया और बारी- बारी से थप्पड़ों की बौछार कर दी। उनमें से पहले मुंह पर लाल दुपट्टा बांधे हुए युवती ने उसे पीटना शुरू किया और फटकार लगाते हुए जमकर थप्पड़ जड़े। फिर उसने अपनी चप्पलों से भी पिटाई की।