ललितपुर। अब कोरोना वायरस संक्रमण का बढ़ता प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस कारण लोग सहमें हुए हैं। बृहस्पतिवार को 1583 लोगों की जांच रिपोर्ट में एक वृद्ध महिला समेत तीन कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं।
जनपद में कोरोना वायरस का संक्रमण कम नहीं हो रहा है। नियमित संक्रमित रोगी मिल रहे हैं। जहां बीते माह में सप्ताह में कई दिनों तक संक्रमित रोगी नहीं मिल रहे थे, लेकिन अब लगातार संक्रमित रोगी जांच में पाए जा रहे हैं। ऐसे में लोगों से वायरस से बचाव करने की लगातार इपील की जा रही है।
बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विभिन्न सेंटरों से 1583 व्यक्तियों के सैंपल लिए। इनमें 719 सैंपल आरटीपीसीआर जांच को मेडिकल कॉलेज झांसी भेजे गए। एंटीजन किट से 864 जांचें की गईं। इनमें एंटीजन की जांच रिपोर्ट में दो व बीते दिनों की आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट में एक व्यक्ति कोविड पॉजिटिव पाया गया है। संक्रमितों में शहर के मोहल्ला तालाबपुरा निवासी 58 वर्षीय महिला व ग्रामीण क्षेत्र में तहसील तालबेहट कस्बा के मोहल्ला हटवारा निवासी 40 वर्षीय व्यक्ति व बिरधा के ग्राम करमरा निवासी 38 वर्षीय व्यक्ति संक्रमित पाया गया है। इनमें दो संक्रमितों को होम आइसोलेट, एक को एल-3 कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया।
1415 की रिपोर्ट आना बाकी
अब तक कोविड पॉजिटिव मरीजों की संख्या 3519 पहुंच गई है। इनमें 47 की मौत हो चुकी और 3445 संक्रमित स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। वर्तमान में 27 संक्रमितों का इलाज किया जा रहा है। वहीं, बीते चार दिनों से आरटीपीसीआर जांच को भेजे गए 1415 सैंपलों की जांच रिपोर्ट आना बाकी है।
1583 व्यक्तियों की जांच रिपोर्ट में एक वृद्घ महिला समेत तीन व्यक्ति कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं।
- डॉ. डीके गर्ग, मुख्य चिकित्सा अधिकारी