संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। नगर पालिका के वार्ड नंबर छह रामनगर के मोहल्ला विवेक नगर में अब जलभराव की समस्या जल्द दूर होगी। सोमवार को जिलाधिकारी ने प्रभारी ईओ राघवेंद्र शर्मा को मौके पर भेजकर समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए। प्रभारी ईओ अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे और जेसीबी मंगाकर जमे पानी की निकासी कराई। साथ ही अवर अभियंता को जल्द सीसी सड़क व नाली का निर्माण कराने के निर्देश दिए।
गल्ला मंडी के सामने स्थित विवेक नगर में नाली व सड़क के अभाव में रास्ते पर जल भराव हो रहा था। गलियां पूरी तरह से जलमग्न रहती थीं। यह स्थिति बारिश में ही नहीं सर्दी व गर्मियों में भी बनी रहती थी। जलभराव से परेशान होकर कई परिवार घर तक छोड़ कर जा चुके हैं। कुछ लोग पत्थरों के सहारे निकल पा रहे थे। दुर्गंध से मार्ग पर ठहरना तो दूर गुजरना मुश्किल होता था। मच्छर पनपने से बीमारियों का खतरा बना हुआ था।
मोहल्ला के ओम प्रकाश मिश्र व अन्य ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र दिया था। डीएम ने इसे संज्ञान में लेते हुए उप जिलाधिकारी/अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद राघवेंद्र शर्मा को निर्देशित किया। प्रभारी ईओ ने मौके पर जलभराव की स्थिति देखी। उन्होंने तत्काल अवर अभियंता व निर्माण लिपिक को बुलाकर जेसीबी मंगाई। जल भराव की निकासी के लिए अस्थाई नाली बनवाई। जल भराव वाले स्थान का आगणन तैयार करने और जल्द सीसी सड़क का निर्माण कराने के निर्देश दिए। प्रभारी सफाई व खाद्य निरीक्षक रमाकांत तिवारी को सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। इस दौरान अमरदीप रजक, नजूल लिपिक दीपेंद्र कुमार, हेड स्वास्थ्य नायक संजय कुमार, अमित कुमार समेत अन्य मौजूद रहे।