प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर दम तोड़ रहीं स्वास्थ्य सेवाएं, जिम्मेदार मौन
मरीज बोले - दो घंटे से कर रहे चिकित्सक का इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
डोंगराखुर्द/ललितपुर। ब्लाॅक मड़ावरा क्षेत्र के ग्राम गौना स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाएं दम तोड़ रही हैं। यहां पर चिकित्सक समय पर नहीं आ रहे हैं। वहीं, फार्मासिस्ट और अन्य कर्मचारी तक समय पर नहीं पहुंचते हैं। ऐसे में अस्पताल आने वाले मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके बाद भी जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं।
मंगलवार की दोपहर 12:15 बजे चिकित्सक का ओपीडी कक्ष सूना था। वहीं, फार्मासिस्ट का दवा काउंटर भी खाली पड़ा था। लैब टेक्नीशियन कक्ष पर ताला लटका था। वहीं, वार्ड बॉय और सफाईकर्मी तक नजर नहीं आ रहे थे। हद तो तब हो गई, जब मरीज उपचार की आस में अस्पताल पहुंचे लेकिन दो घंटे बाद भी उपचार नहीं मिल सका। मरीजों ने बताया कि दो घंटे से चिकित्सक का इंतजार कर रहे हैं। वहीं, कई गंभीर मरीज चिकित्सक न होने से उदास होकर लौट गए।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण 1953 में किया गया था। शुरुआत में चिकित्सक व अन्य स्टॉफ होने से यहां स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर रहीं। इससे लगभग एक दर्जन से अधिक गांव के लोगों को लाभ मिलता था लेकिन वर्तमान में जिम्मेदारों की अनदेखी से यहां की स्थिति बदहाल हो गई।
अव्यस्थाओं जूझ रहा परिसर
अस्पताल में पानी की सुविधा के लिए चार हैंडपंप लगाए गए हैं लेकिन सभी खराब पड़े हुए हैं। ऐसे में पानी की समस्या बनी हुई है। वहीं, सफाई के अभाव में परिसर में घास और झाड़ियां लगी हुई हैं। इससे परिसर में सुरक्षित चलना तक मुश्किल हो रहा है। यही नहीं, परिसर में शराब के पाउच इधर-उधर बिखरे रहते हैं। शाम होते ही शराबियों का अड्डा बन जाता है। परिसर में खुले पड़े कुएं में अक्सर जानवर गिर जाते हैं।
वर्जन
पीएचसी गौना में चिकित्सक के समय से न पहुंचने और परिसर में सफाई न होने की जानकारी हुई है। संबंधित सीएचसी अधीक्षक को निर्देशित कर व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई जाएंगी। - डॉ. इम्तियाज अहमद, सीएमओ