संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शहर में पेयजल आपूर्ति बाधित क्षेत्र में टैंकर से पानी उपलब्ध कराने के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। शनिवार को देर सुबह तक पानी न पहुंचने पर सभासदों ने जानकारी ली। इसमें ट्रैक्टर चालक ने बताया कि टैंकर को रास्ता में खाली कर लिया जा रहा है। निर्धारित स्थानों पर टैंकर न पहुंचने पर सभासद स्वयं ही ट्रैक्टर पर सवार होकर चले, तब वार्ड में लोगों को पानी मिल सका। यह हाल वार्ड 15, 16, 17 में देखने को मिला।
नगर पालिका के चार वार्डों में टैंकरों से भी पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। हालत यह है कि पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। स्थिति यह है कि टैंकर भी निर्धारित स्थानों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। वाटर बॉक्स स्थित कार्यालय से टैंकर पानी लेकर पहुंच रहे हैं। पानी देखकर रास्ते में ही लोग रोककर पानी भरने लग जाते हैं। इससे आगे लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में पानी की किल्लत से परेशान होकर लोग सभासदों के पास पहुंच रहे हैं। अब तो हालत यह है कि सुबह होते ही सभासद टैंकरों को पकड़ पर वार्ड तक ले जा रहे हैं। ऐसा ही नजारा शनिवार को वाटर बॉक्स में देखने को मिला। यहां पर सभासद मनमोहन चौबे अपने टैंकरों को वार्ड में भेजने के लिए पहुंच रहे हैं। वहीं सभासद कुंदनपाल तो ट्रैक्टर पर ही बैठकर टैंकर वार्ड में ले जा रहे हैं। वहीं सभासद शिवानी अमित कुशवाहा व दीपा भी वाटर बॉक्स में सुबह से चक्कर काटकर ट्रैक्टर के साथ चल रहे हैं।