ललितपुर। शहर के बाईपास स्थित गौर कॉलोनी में एक मकान और एक दुकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और लैपटॉप चोरी करने के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत रावतयाना बाईपास के पास स्थित गौर कॉलोनी निवासी छत्रपाल सिंह ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 16 सितंबर की रात को उसका भतीजा यशपाल सिंह जो बीना में रिफाइनरी में कार्यरत है, वह ड्यूटी पर गया था। उसके घर में कोई नहीं था। चोरों ने उसके मकान की कुंडी काटकर घर में घुसकर एक सोने का हार, चूड़ी सेट एवं मंगलसूत्र और अंगूठी चोरी कर ली। उसके सामने दूसरे मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरों की फुटेज भी दिख रही है। जिसमें पांच चोर दिखाई दे रहे हैं।
उसने आगे बताया कि मोहल्ला रामनगर निवासी मुकेश राठौर की गल्ला बीज की दुकान उसकी ही कॉलोनी में स्थित है। जब वह दुकान बंद करके रात को घर चला गया, तब चोरों ने उसकी दुकान की भी कुंडी काटकर एक लैपटॉप व पंद्रह हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। दुकान में भी चोरी की घटना को अंजाम देते तीन चोरों की फुटेज सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। कोतवाली पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर आगे की जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।