- पुलिस ने सात के खिलाफ मुकदमा किया दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। संबंध खत्म करने के बाद ब्लैकमेल कर सोशल मीडिया पर फोटो अपलोड करने की धमकी देकर एक लाख रुपये लेने और अब पांच लाख रुपये मांगने का आरोप एक युवक पर विवाहिता ने लगाया। शिकायत करने पर परिजनों ने पिटाई कर धमकाया। कोतवाली सदर पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मध्यप्रदेश के सागर जिले के मालथौन कस्बे की रहने वाली विवाहिता ने बताया कि कोतवाली सदर के ग्राम मसौरा बैरियर निवासी विशाल साहू से दो साल पहले रिलेशन था। इसके बाद 25 जुलाई को उसकी शादी हो गई थी और उसने विशाल से अपने रिलेशन खत्म कर लिए थे। लेकिन विशाल आए दिन फेसबुक, व्हाट्सएप एवं इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक फोटो डाल रहा है। कहता है कि 3 लाख रुपये दो, न देने पर फोटो नेट पर अपलोड कर देगें। जिससे डरकर उसने एक लाख रुपये आरोपी को दे दिए। जिसका पता उसके घरवालों को नहीं है। अब विशाल और रुपयों की मांग कर रहा है और उसके कई बार कहने पर भी उक्त फोटो को नहीं हटा रहा है। आए दिन उसे धमकी और प्रताड़ित कर रहा है। कह रहा है कि उसके पति व मां-बाप को जान से मारवा देगा। 13 अक्तूबर को विशाल के घर शिकायत करने आई। यहां उसके परिवार वाले धनीराम साहू, विकास, ममता, अंशुल कुशवाहा, रूपेश कुशवाहा निवासी मसौरा बैरियर, आशीष निवासी मालथौन ने उसे व उसके साथ आए लोगों संग पिटाई की। जान से मारने की धमकी देते हुए उसके कपड़े पकड़ लिए। जिससे उसके कपड़े फट गए थे। किसी प्रकार उसने अपने आप को बचाया था। तहरीर में पीड़िता ने यह भी बताया कि आरोपी विशाल के साथ कोई घटना घटित होती है तो वह उसके ससुराल वाले व परिवार के लोग जिम्मेदार नहीं होंगे। कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। सीओ सदर अजय कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।