तालबेहट। पठानकोट एक्सप्रेस की आरक्षित बोगी में दिल्ली से अपने घर उल्लास नगर मुंबई जा रही महिला यात्री का चोर तालबेहट और माताटीला स्टेशन के मध्य चलती ट्रेन से जेवरात और आवश्यक कागजों से भरा बैग छीनकर भाग गया। घटना के बाद यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। इसके बाद लगभग एक घंटे से अधिक समय तक ट्रेन तालबेहट रेलवे स्टेशन के पास खड़ी रही। जिसके बाद जीआरपी और आरपीएफ पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में महिला ने ललितपुर में जीआरपी को मामले जानकारी दी। इसके चलते सुबह लगभग दो से तीन एक्सप्रेस ट्रेनें प्रभावित हुई।
अमृतसर से छत्रपति शिवाजी टर्मिनल जा रही 11058 पठानकोट एक्सप्रेस ट्रेन में कोच संख्या एस-3 में सीट संख्या 18 पर उल्लास नगर स्थित अंबिका नगर वीर सावरकर चौक निवासी वैशाली मांगलकर हजरत निजामुद्दीन से कल्यान रेलवे स्टेशन जा रही थी। बृहस्पतिवार सुबह जब ट्रेन झांसी से चलकर तालबेहट के पास ही पहुंची थी, तभी एक चोर महिला यात्री का पर्स छीनकर चलती ट्रेन से कूदकर भाग गया। जब तक महिला उसे पकड़ने के लिए दौड़ी तब तक चोर चलती ट्रेन से कूद चुका था, जिस पर महिला यात्री ने तालबेहट के पास ही ट्रेन के पहुंचने पर चेन पुलिंग कर दी और शोर मचाना शुरू कर दिया। जिस पर ट्रेन में अन्य यात्रियों की भीड़ जमा हो गई और टीटी स्टाफ भी पहुंचा और उसे समझा बुझाकर अगले स्टेशन पर कार्रवाई कराए जाने की बात कही। लेकिन जैसे ही ट्रेन दैलवारा रेलवे स्टेशन पहुंची तो महिला ने यहां भी चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोक दिया और काफी देर तक कार्रवाई की मांग करती रही। यहां फिर से ट्रेन स्टाफ व लोगों के समझाने के बाद जब ट्रेन ललितपुर पहुंची, लेकिन यहां भी वह संतुष्ट नहीं हुई, जिस पर ललितपुर में भी काफी देर तक ट्रेन रुकी रही। आरपीएफ और जीआरपी रेलवे स्टेशन पर पहुंच गई और महिला यात्री से तहरीर लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
महिला यात्री ने रेलवे जीआरपी को तहरीर में बताया कि झांसी से तालबेहट के बीच में चलती ट्रेन से उसका पर्स चोरी करके चोर चलती ट्रेन से कूदकर भाग गया। उसके पर्स में सोने का मंगलसूत्र, एंड्रॉयड मोबाइल व चार्जर, लाल रंग का पर्स, आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम और लगभग दस हजार रुपये नगद एवं मेकअप की किट भी रखी थी, जिसे चोरी कर लिया गया।
महिला ने कहा ट्रेन में नहीं था कोई आरपीएफ कर्मचारी
आगे उसने बताया कि इस ट्रेन में कोई भी आरपीएफ कर्मचारी नहीं था। यही सबसे बड़ी खेद की बात है। प्रवासी सुरक्षित प्रवास कैसे करे, यह आप ही बताइये। सबसे सुरक्षित प्रवास रेलवे एक्सप्रेस का है। बताईये जनाब हम सफर कैसे करें। महिला ने मांग की है कि जीआरपी से विनती करते हुए जल्द से जल्द कार्रवाई करें और उत्तर रेलवे का नाम बरकरार रखें।
मामले को छिपाते रहे रेलवे अधिकारी
चलती ट्रेन में महिला के साथ लाखों रुपये की लूट के बाद रेलवे पुलिस और अधिकारी मामले पर पर्दा डालने का प्रयास करते रहे। स्टेशन पर मौजूद स्टेशन मास्टर तक को इसकी जानकारी नहीं थी कि सुबह कौन कौन से ट्रेनें बाधित रहीं। वहीं रेलवे पुलिस भी जानकारी देने में आनाकानी करती रही।
कंपनी के काम से गई थी दिल्ली
चोर की शिकार हुई वैशाली की बहन अस्मिता ने फोन पर बताया कि उसकी बहन मुंबई में एक कंपनी में काम करती है। कंपनी के काम से वह दो अन्य युवकों के साथ दिल्ली गई थी। दिल्ली से वापस लौटते समय यह हादसा हुआ। उसका मोबाइल भी उसी बैग में रखे होने के कारण वह भी चोरी चला गया है।
दो ट्रेनें हुई प्रभावित
लूट की घटना के बाद तालबेहट रेलवे स्टेशन के समीप लगभग एक घंटे से अधिक समय तक पठानकोट एक्सप्रेस खड़ी रही। पीआरओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि दिल्ली से भोपाल की ओर जाने वाली 12722 सदर्न एक्सप्रेस और 22537 कुशीनगर एक्सप्रेस प्रभावित हुई।
मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। झांसी और ललितपुर स्टेशन के सीसीटीवी को चेक कराए गए, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। क्योंकि रास्ते में कई जगह चेन पुलिंग हुई है। खुलासे के लिए सर्विंलांस टीमों को लगाया गया है।-मो. इमरान, एसपी रेलवे झांसी