संवाद न्यूज एजेंसी
बानपुर। श्री हनुमान जन्मोत्सव समिति के तत्वावधान में हनुमान जयंती धूमधाम से मनाई गई। शोभायात्रा में महाकाल डमरू दल ने शिव तांडव किया, जो आकर्षण का केंद्र रहा। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा और देवताओं के स्वरूपों की आरती उतारकर स्वागत किया। पूरे कस्बे को भगवा ध्वज व मुख्य मार्ग को आकर्षक तरीके से सजाया गया।
सुबह करीब पांच बजे प्रभात फेरी निकाली गई, जो श्री बजरंगढ़ मंदिर से प्रारंभ होकर सभी मंदिरों तक पहुंची। इस दौरान जय श्रीराम के जयकारे लगाए गए। इसके बाद श्री हनुमान जी महाराज का विशेष शृंगार कर पूजा-अर्चना की गई। सुबह आठ बजे श्री बजरंगढ़ मंदिर में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया और धार्मिक अनुष्ठान हुए। शाम को श्री खेड़ापति मंदिर से धर्म ध्वज लेकर श्रद्धालु श्री बजरंगढ़ मंदिर पहुंचे, जहां श्री हनुमान जी महाराज को विधि-विधान के साथ विमान में विराजमान किया और महाराजा मर्दन सिंह क्रिकेट ग्राउंड से शोभायात्रा प्रारंभ हुई, जो प्रमुख मार्गों से होती हुई पुनः बजरंगढ़ मंदिर पर संपन्न हुई। शोभायात्रा में सबसे आगे श्री हनुमान जी महाराज का विमान लेकर श्रद्धालु चल रहे थे। भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर नृत्य कर रहे थे। देवी देवताओं के स्वरूप बग्गी पर सवार थे।
-
मंदिरों में किया गया सुंदरकांड का पाठ
बांसी। मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान के साथ ही शोभायात्रा निकाली गई। श्री हनुमान जी टौरिया मंदिर, श्री मन तालाब मंदिर, हजारिया महादेव मंदिर सहित सभी मंदिरों में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। दिन भर भक्तों का तांता लगा रहा। शाम को श्री मन तालाब हनुमान मंदिर एवं श्री हनुमान जी टौरिया मंदिर से शोभायात्रा प्रारंभ हुई और नए बस स्टैंड से दोनों शोभायात्रा कस्बा में एक साथ निकलीं। हनुमान जी के विभिन्न स्वरूपों के चित्र सजा कर निकाले गए। भक्तों ने अपने दरवाजे पर पूजा अर्चना कर प्रसाद लिया। भक्तों द्वारा फल और प्रसाद वितरण किया गया। संवाद
मेला प्रबंध समिति की बैठक में आय व्यय का ब्योरा पेश किया
बांसी। श्री हनुमान जी टौरिया मंदिर को संचालित करने वाली संस्था श्री संकट मोचन महाराज मंदिर एवं मेला प्रबंध समिति की बैठक में प्रबंधक सुदामा प्रसाद दुबे ने वित्तीय वर्ष 2023-24 का आय-व्यय प्रस्तुत किया। वार्षिक योजना बनाई गई और शिवम मिश्रा को सदस्यता दी गई। अगले वर्ष से श्री हनुमान जयंती पर 10 दिन पहले बैठक करने एवं शोभायात्रा हेतु नई तस्वीर बनवाने की जिम्मेदारी राजेंद्र प्रसाद गुप्ता एवं नीरज गंगेले शास्त्री ने ली। बैठक में समिति के अध्यक्ष नरेंद्र त्रिपाठी, रामकिशोर बबेले, शत्रुघ्न शास्त्री, दिनेश सोनी, रमाकांत गोस्वामी, मुरलीधर गुप्ता आदि मौजूद रहे। संवाद