संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मंदिर के पुजारी की मौत फंदे से लटकने से हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण आत्महत्या पाए जाने के बाद पुलिस अब आत्महत्या के कारणों की जांच करने में जुट गई है।
थाना जाखलौन क्षेत्र में स्थित खैरमाता मंदिर के पुजारी सतानंद दास का शव बुधवार की सुबह मंदिर परिसर में बने कमरे के अंदर रस्सी के फंदे से लटकता मिला था। परिजन ने हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप अज्ञात लोगों पर लगाया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पोस्टमार्टम सूत्रों के अनुसार सतानंद दास की मौत फंदे से लटककर होना पाया गया। पुलिस अब आत्महत्या के कारणों की जांच करने में जुट गई है। वहीं, गांव के लोगों के बीच पुजारी के आत्महत्या करने के कारणों को लेकर तरह तरह की चर्चाएं होती रहीं। हालांकि, पुजारी के परिजन ने अभी तक पुलिस को शिकायती पत्र नहीं दिया है।