सैदपुर (ललितपुर)। कस्बे के मुहल्ला कछयाना में डायरिया का कहर जारी है। यहां करीब दो दर्जन लोग डायरिया की चपेट में हैं। पीड़ितों का महानगर के अलावा महरौनी और टीकमगढ़ के अस्पतालों में इलाज चल रहा है। मुहल्ले में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था न होने और बीमारी के डर से कई घरों में ताले लटक गए हैं। सूचना के बावजूद के स्वास्थ्य विभाग की कोई टीम अभी तक मुहल्ले में नहीं पहुंची है। इससे लोगों में नाराजगी है।
ग्राम सैदपुर के मुहल्ला कछयाना में में पीने के पानी के लिये कोई हैंडपंप नहीं है और न ही मुहल्ले के किसी परिवार में शौचालय बना है। सब लोग खुले में शौच के लिए मजबूर हैं। मुहल्लावासी कई सालों से कुएं के पानी पर आश्रित हैं। बारिश के कारण कुएं में दूषित पानी भरने से जल दूषित हो गया है। दूषित जल पीने से पिछले तीन दिनों में मुहल्ले के दो दर्जन से अधिक लोग उल्टी दस्त की चपेट में हैं। जिन्हें उपचार के लिये सैदपुर के अलावा महरौनी, ललितपुर, टीकमगढ़ के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बीमार होने के डर से कई परिवार घरों में ताले लगाकर रिश्तेदारों के यहां चले गए हैं।
डायरिया की चपेट में आये जागेश (15) पुत्र बल्लू कुशवाहा की हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल टीकमगढ़ से ग्वालियर के लिये रेफर कर दिया गया है। इसके अलावा टीकमगढ़ में रक्षा (10) पुत्री पप्पू, करिश्मा (4) पुत्री पप्पू, भानकुंअर (6) पुत्री फूलचन्द्र का इलाज चल रहा है। बालचंद्र (16) पुत्र लख्खी को जिला अस्पताल ललितपुर में उपचार के लिये भर्ती कराया गया है। इसके साथ ही कैलाश (42) पुत्र खरगे, शांति (40) पत्नी कैलाश, खूबचन्द्र (25) पुत्र कैलाश, निकिता (03) पुत्री बसंते, विनीता (23) पत्नी कमलेश, अनीता (25) पत्नी संजू का महरौनी में उपचार किया गया।
इसके अलावा कमलेश (25) पुत्र जालम, शिवरानी (40) पत्नी जालम, प्रीति (13) पुत्री पप्पू , पूजा (6) पुत्री पप्पू, दिनेश (10) पुत्र फूलचंद्र, पूनम (02) पुत्र रजनी का प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं निजी अस्पतालों में उपचार किया जा रहा है।
क्षेत्र में जिनमें सर्दी, खांसी, बुखार, वायरल फीवर, मियादी बुखार, उल्टी दस्त आदि से पीड़ित मरीजों से अस्पताल भरे पड़े हैं। इसके अलावा मलेरिया के मरीजों की संख्या दिनोंदिन बढ़ती जा रही है। मुहल्ले में फैली उल्टी दस्त की बीमारी से ग्रामीण दहशत में हैं। मुहल्ला वासियों ने स्वास्थ्य विभाग की टीम सैदपुर गांव में भिजवा कर उचित उपचार कराने की मांग की है।
सैदपुर के कछयाना मुहल्ले में डायरिया के प्रकोप की जानकारी मिली है। बुधवार को मेडिकल टीम भेजी जाएगी। मरीजों को उचित इलाज उपलब्ध कराया जाएगा।
- डॉ. प्रताप सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी