- शासन से मिले 1.11 करोड़ रुपये, कन्वर्जन कॉस्ट के चार करोड़ रुपये मिले
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। दशहरा त्योहार से पहले इस बार रसोइयों को मानदेय देने के लिए शासन ने जिले को करीब 1.11 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की। जिसके बाद इस धनराशि को रसोइयों के खातों में पहुंचाने की कवायद शुरू कर दी गई है।
विद्यालय में छात्रों के ठहराव के लिए शासन की ओर से मिड-डे मील योजना संचालित की जा रही है। जिसके तहत बच्चों को मध्याह्न भोजन खिलाया जाता है। मिड-डे मील योजना में मेन्यू के अनुसार बच्चों को खाना बनाकर खिलाया जाता है। मध्याह्न भोजन बनाने के लिए इन विद्यालयों में 3600 रसोइया मानदेय पर तैनात हैं। इनको प्रतिमाह दो हजार रुपये दिया जाता है। हाल ही में शासन ने जनपद में रसोइयों के मानदेय के लिए 1.11 करोड़ रुपये जारी किए। जिला समन्वयक मिड-डे मील कपिल दुबे ने बताया कि शासन से जारी की गई धनराशि को रसोइयों के मानदेय के रूप में स्थानांतरित करने की कवायद की जा रही है। जल्द ही सभी के खातों में रुपये पहुंच जाएंगे।