- रावण जस का तस, तीस फुट से मेघनाद दस फुट और कुंभकरण पांच फुट ऊंचा हुआ
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। दशहरा पर दहन के लिए इस बार रावण के पुतले की ऊंचाई 50 फिट, जबकि मेघनाद 50 फिट तो कुंभकरण का पुतला 35 फिट का बनाया जाएगा। इस बार सभी पुतले भोपाल से मंगाए जा रहे हैं। वहीं, इस बार रावण दहन के दौरान समिति द्वारा विभिन्न लोककलाओं का मंचन भी किया जाएगा। आतिशबाजी दिल्ली से मंगाई जा रही है।
शहर में श्रीरामलीला हनुमान जयंती महोत्सव समिति द्वारा दशहरा पर्व पर रावण दहन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बार समिति द्वारा रावण के साथ ही मेघनाद और कुंभकरण के पुतले भी भोपाल से बनवाए जा रहे हैं। रावण दहन का आयोजन पूर्व की तरह गोविंद नगर स्थित रामलीला मैदान में किया जाएगा। इसके लिए समिति ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। मैदान के समतलीकरण के साथ ही साफ-सफाई शुरू करा दी गई है।
शिव, कृष्ण और रामलीला का होगा मंचन
श्रीरामलीला हनुमान जयंती महोत्सव समिति के प्रबंधक हरविंद सिंह सलूजा ने बताया कि इस बार रावण दहन के दिन मैदान में भव्य मंच बनाया जाएगा, जिस पर लोक कला सोसाइटी ललितपुर द्वारा शिव लीला, कृष्ण लीला और रामलीला का मंचन भी किया जाएगा। इसके साथ ही यहां राधा कृष्ण नृत्य, फूलों की होली, नृत्य, राधा कृष्णा महारास नृत्य, मयूर नृत्य और ब्रज की होली का आयोजन भी किया जाएगा।
-
एलईडी पर दिखेगा आयोजन का प्रसारण
रावण दहन पर इस बार मंच व मैदान में होने वाले आयोजनों की निगरानी के लिए मैदान में चारों ओर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके साथ ही रावण दहन और मंच पर होने वाले आयोजनों का सीधा प्रसारण देखने के लिए मैदान में दो बड़ी एलईडी टीवी भी लगाई जाएंगी। ताकि दूर खड़े लोग आसानी से आयोजन को लाइव देख सकेंगे।