- मूंग सूखने से किसानों को अपनी फसल की लागत निकालना मुश्किल
संवाद न्यूज एजेंसी
बिरधा (ललितपुर)। बिरधा पावर हाउस अंतर्गत खितबांस फीडर से करीब एक सैकड़ा नलकूप संचालित हैं। जिससे किसान खेतों में बोई मूंग की फसल की सिंचाई कर रहे हैं। विगत तीन दिन पहले गांव छैगरा के निकट खेत में हाईटेंशन लाइन का एक तार टूटा पड़ा होने से किसान खेत में नहीं जा पा रहे हैं। उनका कहना है कि विभागीय अधिकारियों को सूचना देने के लिए फोन किया लेकिन कोई जवाब नहीं मिल रहा। किसानों को खेत में सूख रही फसल की चिंता सता रही है। उनका कहना है कि बिजली न मिलने से सिंचाई नहीं हो पा रही है, इससे फसल प्रभावित हो जाएगी। इस संबंध में उपखंड अधिकारी से बात करने का प्रयास किया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
तीन दिन से हमारे खेत में हाईटेंशन लाइन का एक तार टूटा पड़ा है, जिससे खेत में नहीं जा पा रहे हैं। बिजली न आने से नलकूप भी बंद पड़ा है। जिससे मूंग की फसल सूख रही है।- संतोष कुशवाहा
हमने चार एकड़ खेत में मूंग बोई है, लेकिन तीन दिन से एचटी लाइन टूटी पड़ी होने से फसल की सिंचाई तक नहीं हो पा रही है। फोन करने के बाद भी कोई तार जोड़ने नही आया।-कमलेश कुशवाहा
खितबांस फीडर पर पहले से भी कम बिजली मिल रही थी, लेकिन तीन दिन से तार टूट जाने से बिजली नहीं आई। जिससे मूंग की फसल की खराब हो रही है।- कोमल कुशवाहा
समय से बिजली नहीं मिलने से मूंग में पानी नहीं मिल पा रहा है, जिससे हमारी मूंग की फसल की फलियां सूखने लगी हैं।-पूरन कुशवाहा