छह ब्लॉकों और दोनों शहर क्षेत्रों के अस्पतालों का किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति जानने के लिए शासन की टीम ने डेरा डाल दिया है। रविवार को 14 सदस्यीय टीम ने जिले के छह ब्लॉकों सहित शहर क्षेत्र के अस्पतालों का निरीक्षण किया। इस दौरान संसाधन, सुविधाएं और मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की गहन समीक्षा की गई।
शासन द्वारा प्रदेशभर में स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखने के लिए टीमें भेजी जा रही हैं। इन टीमों द्वारा अस्पतालों में उपलब्ध संसाधन, उपकरण, चिकित्सक व अन्य स्टाफ, दवाइयों की स्थिति, भवन तथा मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की जांच की जा रही है। रविवार को जनपद पहुंची शासन की टीम ने प्रत्येक ब्लॉक में दो-दो सदस्यों को तैनात किया, वहीं शहर क्षेत्र के अस्पतालों के लिए भी अलग से दो सदस्यीय टीम गठित की गई। टीमों ने मुख्यमंत्री आरोग्य मेला, आयुष्मान आरोग्य मंदिर और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार शासन की यह टीम तीन दिन तक जिले में रहकर स्वास्थ्य सेवाओं और उपलब्ध संसाधनों की विस्तृत जांच करेगी।