ललितपुर। शहर के मोहल्ला नेहरूनगर में पेयजल संकट से जूझ रही दो हजार की आबादी को जल्द ही समस्या से निजात मिलेगी।
जल निगम ने पानी की सप्लाई देने के लिए कार्य शुरू कर दिया गया है। यहां पर स्टेशन की ओर से व पीछे बाल संप्रेक्षण गृह की ओर से पाइपलाइन डाली जा रही है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जून माह के दूसरे सप्ताह तक कार्य पूर्ण हो जाएगा। इससे पेयजल संकट दूर हो जाएगा।
नेहरूनगर की चार गलियों में पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही है। यहां पर पाइपलाइन बिछाए जाने के बाद कनेक्शन भी दिए गए, लेकिन इसके बाद भी पानी नहीं पहुंच रहा है। लोगों को पानी के लिए अन्य दूर स्थानों व हैंडपंप का सहारा लेना पड़ रहा है।
इससे लगभग दो हजार की आबादी को पानी की दिक्कत है। लेकिन, अब जल्द ही घर-घर तक पानी पहुंचेगा। पानी पहुंचाने के लिए जल निगम द्वारा दो ओर से पाइपलाइन डाली जा रही है। इसका कार्य शुरू कर दिया गया है।
स्टेशन रोड पर 400 एमएम की लाइन बिछाई जा रही है। वहीं पीछे बाल संप्रेक्षण गृह से नेहरूनगर के लिए पाइपलाइन बिछाई जा रही है। इसमें पहले 200 एमएम की पाइपलाइन बिछाई जा रही है।
इसके बाद 150 एमएम की पाइपलाइन बिछाई जाएगी। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जून माह के द्वितीय सप्ताह तक कार्य पूर्ण हो जाएगा। इसके बाद पानी की किल्लत दूर हो जाएगी। लोगों को टैंकर या हैंडपंप के सहारे नहीं रहना पड़ेगा।