मड़ावरा-रनगांव। मड़ावरा क्षेत्र में बुधवार को बिजली विभाग के दल ने जांच अभियान चलाया। इस दौरान खेतों में सिंचाई के लिए सफेद बिजली के तार का इस्तेमाल कर रहे किसानों पर कार्रवाई की गई। विभाग ने कई बिजली लाइनें काट दीं।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक, उपखंड अधिकारी उमाशंकर सक्सेना और अवर अभियंता मनोज कुमार के नेतृत्व में दल ने क्षेत्र की बिजली लाइनों की जांच की। जांच के दौरान कई किसान खेतों में सिंचाई के लिए सफेद तार के जरिये बिजली चलाते पाए गए। इन किसानों पर कार्रवाई करते हुए उनकी लाइनें काट दी गईं। काटे गए तारों को इकट्ठा कर जलाकर नष्ट कर दिया गया। उन्होंने बताया कि यह तार सुरक्षित नहीं है। इससे करंट लगने और अन्य बिजली हादसों का खतरा बना रहता है। यह किसानों और आम लोगों की जान को नुकसान पहुंचा सकता है। विभाग ने किसानों से सुरक्षित उपकरणों का उपयोग करने और बिजली नियमों का पालन करने की अपील की।