जाखलौन-ललितपुर। ब्लॉक बिरधा की ग्राम पंचायत भारोन के मजरा विजोरी में 20 वर्ष पूर्व मंडी समिति ने पिपरई से विजोरी के लिए तीन किलोमीटर सड़क का निर्माण कराया था। अब सड़क की पुलिया टूट चुकी है। सड़क पर भी जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। पुलिया टूटने से ग्रामीणों का आवागमन बंद हो गया है।
ग्राम प्रधान देवी सहरिया ने बताया कि पिछले वर्ष भी टूटी पुलिया पर कई राहगीर गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए थे। उस समय शासन को लिखित रूप से अवगत कराया गया था, लेकिन मंडी समिति की सड़क होने से कोई सुनवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने टूटी पुलिया पर मिट्टी व पत्थर डालकर निकलने योग्य बनाया था। लेकिन, अब सड़क पूर्णतया क्षतिग्रस्त हो गई है। गांव के बच्चे स्कूल भी नहीं जा पा रहे हैं। महिला मरीजों को प्रसव के समय चारपाई पर रखकर पुलिया से निकलना पड़ रहा है। पूर्व प्रधान ओम प्रकाश यादव ने कहा कि इस गांव की सड़क को लोक निर्माण विभाग को सौंपने पर ही इसकी दशा में सुधार हो सकता है।