संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। औद्योगिक निवेश बढ़ाने और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए जिले में सरदार वल्लभ भाई पटेल इंप्लायमेंट इंडस्टि्रयल जोन की स्थापना की जाएगी। इसके लिए जिला प्रशासन ने करीब 50 एकड़ भूमि की तलाश शुरू कर दी गई है। भूमि उपलब्ध होने के बाद डीपीआर तैयार कर शासन को भेजा जाएगा।
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक इंप्लायमेंट इंडस्ट्रियल जोन को केवल औद्योगिक इकाइयों तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसे उद्योग, कौशल विकास और रोजगार का केंद्र बनाया जाएगा। जोन में युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षण देकर सीधे रोजगार से जोड़ने की व्यवस्था भी होगी। इससे एक ओर उद्योगों को प्रशिक्षित लोग आसानी से उपलब्ध होगा तो दूसरी ओर जिले के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा। जमीन चयन के दौरान सड़क संपर्क, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, जल निकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। जिससे कि औद्योगिक इकाइयों की स्थापना में किसी प्रकार की दिक्कत न हो। इसमें युवाओं को उद्योगों की आवश्यकता के मुताबिक कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा करने वाले युवाओं को इसी परिसर में स्थापित होने वाली औद्योगिक इकाइयों में राेजगार दिलाने की व्यवस्था की जाएगी।
उद्यामियों के लिए भी रहेगी सुविधाएं
इस प्रस्तावित इंडस्टि्रयल जोन में उद्योग स्थापित करने वाले उद्यमियों के लिए प्रशासनिक कार्यालय, कामन फैसिलिटी सेंटर, स्किल डेवलपमेंट एवं प्रशिक्षण केंद्र, बैठक कक्ष, कर्मचारियों और प्रशिक्षुओं के लिए आवासीय सुविधा सहित सभी आवश्यक संसाधन विकसित किए जाएंगे।
सरदार वल्लभभाई पटेल इंप्लायमेंट इंडस्ट्रियल जोन के स्थापित होने से यहां के युवाओं को प्रशिक्षण के बाद रोजगार उपलब्ध होगा। साथ में उद्यमियों को बेहतर औद्योगिक वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा।
अतहर जमाल, उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग एवं प्रोत्साहन केंद्र