संवाद न्यूज एजेंसी
मड़ावरा/रनगांव। कस्बा निवासी राजेंद्र झा (21) का शव शुक्रवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में अजमेरी कॉलोनी स्थित किराए के एक कमरे में फंदे पर लटका मिला। परिजनों के मुताबिक राजेंद्र अपनी कथित प्रेमिका के साथ यहां रह रहा था। मृतक के भाई ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मृतक के भाई अरविंद ने बताया कि राजेंद्र कस्बा मड़ावरा स्थित शराब की दुकान पर सेल्समैन था। वह पिछले करीब छह-सात माह से कथित प्रेमिका के साथ अजमेरी कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था। बुधवार को वह घर आया था और परिजनों से मिलने के बाद वापस चला गया था। परिजनों के अनुसार, उसी रात वह कथित प्रेमिका के साथ नशे की हालत में फिर घर पहुंचा और परिवार के लोगों से विवाद करने के बाद दोनों वहां से चले गए थे।
शुक्रवार सुबह कथित प्रेमिका राजेंद्र के घर पहुंची और परिजनों को उसकी मौत की सूचना दी। सूचना मिलते ही अरविंद अपनी मां गुलाबबाई उर्फ कल्लो बाई के साथ मौके पर पहुंचा। परिजनों का आरोप है कि राजेंद्र का शव कमरे में विद्युत तार के फंदे से लटका मिला। उन्होंने उसके शरीर पर चोट के निशान होने का दावा करते हुए हत्या की आशंका जताई है।
सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।