तालबेहट। माताटीला मार्ग पर दो सगे भाइयों की बाइक आमने-सामने से टकरा गईं। बडे़ भाई की मौत हो गई, जबकि छोटा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत था। इस घटना से परिवार में शोक छा गया।
कोतवाली अंतर्गत ग्राम सेरवासकलां निवासी रमेश बाल्मीक का बड़ा पुत्र अनिल कुमार विकास खंड तालबेहट अंतर्गत ग्राम चौबारा में सफाई कर्मचारी था। वहीं छोटा पुत्र पंजाब नेशनल बैंक शाखा तालबेहट में चतुर्थ श्रेणी कर्मी है। रविवार दोपहर में करीब दो बजे सुनील बाइक से ग्राम फुटेरा निवासी अपने एक रिश्तेदार के यहां से लौट रहा था। वहीं, बड़ा भाई अनिल भी अपनी बाइक से रिश्तेदार के यहां जा रहा था। ग्राम सभा खांदी के मजरा पटौरिया के पास दोनों भाइयों की बाइकें आमने-सामने से टकरा गईं। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी तालबेहट लाया गया। चिकित्सक ने अनिल को मृत घोषित कर दिया और सुनील को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
000
हेलमेट लगाए होते तो बच सकती थी जान : प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बाइक चला रहे दोनों भाई यदि हेलमेट लगाए होते तो उनके सिर में गहरी चोट नहीं आती और उनकी जान बच सकती थी। लेकिन, किसी ने हेलमेट नहीं लगाया था। एसएचओ तालबेहट मनोज मिश्रा ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।