संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जिला अस्पताल परिसर में रैनबसेरा के पीछे से निकली नाली सफाई के अभाव में समस्या बनी है। हालत यह है कि सफाई न होने से नाली गंदगी से बजबजा रही है। इससे उठ रही दुर्गंध से तीमारदार व अन्य लोगों को भोजन करने में दिक्कत हो रही है। अब गर्मियों के मौसम में पनप रहे मच्छरों से बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है। इसके बाद भी जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं।
अभिलाषा पेट्रोल पंप से सदनशाह चौराहा मार्ग पर जिला अस्पताल के सामने नाली की सफाई न होने से यह गंदगी से बजबजा रही है। पानी की निकासी न होने से कचरा व अन्य सामग्री सड़ गई है। नाली से दुर्गंध उठ रही है। इससे राहगीरों को तो समस्या है ही, अस्पताल स्थित अन्नपूर्णा भोजनशाला में खाना खाने वाले मरीजों व तीमारदार सबसे ज्यादा परेशान हैं।
अन्नपूर्णा भोजनशाला में नाली से उठती दुर्गंध से ठहरना तक मुश्किल है, लेकिन मजबूरी में लोगों को भोजन करना पड़ रहा है। इस नाली में पनप रहे मच्छर भी भोजनशाला में आ रहे हैं, जो मरीजों व तीमारदारों के लिए परेशानी का सबब बने हैं।
-
जिला अस्पताल परिसर के बाहर नाली की सफाई न होने से समस्या होने की जानकारी मिली है। इसकी सफाई कराई जाएगी।- सरला जैन, अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद