संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मेडिकल कॉलेज में हेपेटाइटिस के उपचार की ही नहीं जांच की सुविधा भी शुरू नहीं हो पा रही है। मरीजों को महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज या निजी पैथोलॉजी में जांच करानी पड़ रही है। जबकि, अस्पताल में प्रतिदिन 200 से अधिक जांचें कार्ड से की जा रही हैं।
जिला अस्पताल को उच्चीकृत कर मेडिकल कॉलेज में तब्दील तो कर दिया, लेकिन अब तक सुविधाओं में विस्तार नहीं हो सका है। इमरजेंसी वार्ड के प्रथम तल पर स्थापित बीएसएल-2 लैब में कई प्रकार की जांच की सुविधा है। लेकिन, इसके बंद होने से हेपेटाइटिस बी व सी की जांच नहीं हो पा रही है। मजबूरी में मरीजों को अधिक पैसे खर्च कर जांच कराने पड़ रहे हैं। कई तो पैसों के अभाव में इलाज तक नहीं करा पा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि कोविड काल में कार्यरत कर्मचारियों के हटाए जाने से जांच सुविधा ठप है। जल्द ही कर्मचारी को नियुक्त कर लैब संचालित कराया जाएगा।
-
बीएसएल-2 लैब को संचालित करने के लिए जल्द ही कर्मचारी को नियुक्त किया जाएगा। एक सप्ताह में जांच सुविधा शुरू की जाएगी।
- डाॅ. इम्तियाज अहमद, सीएमओ