संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। विद्युत विभाग ने भले ही गर्मियों में लो वोल्टेज व सुचारु रूप से आपूर्ति देने के लिए ओवरलोड बिजली घरों की क्षमता वृद्धि की तैयारी की हो, लेकिन ट्रांसफार्मर न मिलने से तैयारियां धरी रह गई हैं। आठ बिजली घरों के सापेक्ष महज दो को ही दस एमवीए के ट्रांसफार्मर मिल सके हैं। इसके चलते उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति बाधित होने जैसे संकट से जूझना पड़ रहा है।
आठ बिजली घर ओवरलोड की समस्या से जूझ रहे थे। गर्मियों के मौसम में घरों में एसी, कूलर, पंखा व फ्रिज जैसे उपकरणों के प्रयोग अधिक होते हैं। इससे लोड और भी बढ़ जाता है। इसके चलते कई बार फाल्ट, ट्रिपिंग व सीटी ब्लास्ट होने जैसी समस्याएं हो जाती हैं। गर्मियों के मौसम में बिजलीघरों का लोड बढ़ाने के लिए विद्युत विभाग ने प्रस्ताव मुख्यालय को भेजा था। आठ बिजली घरों पर रखे पांच-पांच एमवीए के ट्रांसफार्मरों को बदलकर दस-दस एमवीए के रखे जाने थे, इससे उपभोक्ताओं को निर्बाध रूप से बिजली की सप्लाई की सुविधा हो जाती। लेकिन, भीषण गर्मी का समय चल रहा है, अब तक छह बिजली घर गल्लामंडी प्रथम, पूराकलां, जखौरा, बांसी, बंगरिया, मिर्चवारा क्षमता वृद्धि की राह देख रहे हैं। विभाग को मुख्यालय से अब तक दस एमवीए के ट्रांसफार्मर नहीं मिल सके हैं। ऐसे में यह ट्रांसफार्मर ओवरलोड की समस्या से जूझ रहे हैं। इनमें ट्रिपिंग व ओवरलोड की समस्या हो रही है।
-
एक माह में बढ़ गया 70 लाख यूनिट लोड
भीषण गर्मी के चलते एसी, कूलर व पंखा और फ्रिज आदि अन्य उपकरणों का प्रयोग किया जा रहा है। इससे एक माह में 70 लाख यूनिट लोड बढ़ गया है। यही कारण है कि आए दिन केबल व ट्रांसफार्मर में आग लगने जैसी घटनाओं से आपूर्ति बाधित हो रही है।
-
आठ में बिजलीघरों की क्षमता वृद्धि के लिए पांच की जगह दस एमवीए के ट्रांसफार्मर लगवाए जाने की मांग की गई थी। इसमें केवल दो ही बिजली घर को ट्रांसफार्मर मिले हैं। शेष छह को जल्द ही मिलने की उम्मीद है।
- संजय सिंह, अधीक्षण अभियंता, विद्युत वितरण मंडल