संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शहर व ग्रामीण इलाकों में कई इमारतें ऐसी हैं, जिनके बरसात में गिरने की आशंका है। ग्रामीण इलाकों में इसके लिए कमेटी का गठन किया जा रहा है, जबकि नगर क्षेत्र में पुरानी इमारतों के निस्तारण के लिए कोई कार्ययोजना तैयार नहीं की जा रही है।
शहर में कई जर्जर इमारतों के खस्ताहाल होने की रिपोर्ट कई बार विभागों को सौंपी गई। इसमें नझाई बाजार की इमारत भी शामिल है, जिसमें पुराना ईओ आवास हुआ करता था। इसके अलावा सदर कांटे पर जिला पंचायत व पुराना जिलाधिकारी कार्यालय की इमारत है। नझाई बाजार में सब्जी मंडी जाने वाले रास्ते पर स्थित इमारत काफी जर्जर हो चुकी है। पूर्व में नगर पालिका के अवर अभियंता ने जांच कर रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं, दूसरी ओर सदर कांटे पर जिला पंचायत की इमारत का भी यही हाल है। मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय के रास्ते में स्थित पुराना जिलाधिकारी कार्यालय की इमारत का भी एक हिस्सा जर्जर हो चुका है। ग्रामीण इलाकों में जर्जर इमारतों का पंचायती राज विभाग सर्वे करा रहा है। इसके लिए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
-
शहर की इमारतों के जर्जर होने की जानकारी नहीं है। पत्रावली देखकर ही कुछ कहा जा सकता है।-राघवेंद्र शर्मा, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका परिषद।