संवाद न्यूज एजेंसी
तालबेहट। नगर के मानसरोवर तालाब में एक 14 वर्षीय किशोरी ने कूद कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। जानकारी के बाद मौके पर जुटे लोग उसे पानी में से निकालकर उपचार के लिए सीएचसी लाए लेकिन चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जनपद जालौन का स्थायी निवासी महेश श्री मर्दन सिंह इंटर कॉलेज के पीछे किराए के मकान में परिवार सहित रहता है। वह सीएचसी के समीप मोमोस का ठेला लगा कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। सोमवार की शाम उसकी 14 वर्षीय किशोरी ने मानसरोवर तालाब में हजारिया घाट के समीप पानी में कूद कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। वहां मौजूद लोगों ने उसे पानी में कूदते देखा और उसके बाहर आने का इंतजार करते रहे। जब काफी देर तक वह पानी से बाहर नहीं आई तो लोगों ने हल्ला मचाया। तत्काल उसे पानी से बाहर निकाल कर सीएचसी तालबेहट ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन उसके शव को अपने घर ले गए। प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया किशोरी ने मां की डांट के कारण आत्मघाती कदम उठाया है।